नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय में नासूर बन चुका अतिक्रमण और भीषण जाम की समस्या से आम जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। सड़कों पर पैदल चलना दूश्वार होने के बाद, स्थानीय लोगों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए अनुमंडलीय प्रशासनिक अमले ने खुद मोर्चा संभाला ।अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन ने भूमि सुधार उप समाहर्ता कौशर इमाम और अंचलाधिकारी मोहम्मद गुफरान मजहरी के साथ मिलकर रजौली की हृदय स्थली माने जाने वाले बजरंगबली चौक एवं उसके आस-पास के अत्यधिक प्रभावित इलाकों का सघन जमीनी निरीक्षण किया। शीर्ष अधिकारियों के अचानक सड़क पर उतर निरीक्षण से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और अवैध कब्जा जमाने वालों का पसीना छूटता नजर आया।
सड़कों पर घोर अव्यवस्था
निरीक्षण के दौरान रजौली नगर पंचायत की बजरंगबली चौक से लेकर अनुमंडल अस्पताल, विभिन्न बैंकों, थाना मोड़, बस स्टैंड और मुख्य बाजार की सड़कों पर स्थिति बेहद चिंताजनक और भयावह पाई गई। दुकानदारों द्वारा सड़कों और फुटपाथों तक अपने सामान फैलाकर किए गए अवैध कब्जे तथा ई-रिक्शा चालकों द्वारा मुख्य चौराहों पर बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा करने के कारण समूचा इलाका दिनभर कछुआ रफ्तार से रेंगता नजर आता है। प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण न केवल आम राहगीरों और स्कूली बच्चों को रोजाना भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है, बल्कि जीवन-मौत से जूझते एम्बुलेंस में सवार गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए घंटों जाम में तड़पना पड़ता है। पूर्व में भी क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी कि गंभीर और संवेदनशील समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए कोई ठोस व स्थाई कदम उठाया जाए।
नोटिस के बाद भी मनमानी
निरीक्षण के बाद कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने साफ तौर पर बताया कि रजौली बाजार को जाम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूर्व से ही सक्रिय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में भी दर्जनों अतिक्रमणकारियों को कानूनी नोटिस तामिला कराया जा चुका है और लगातार माइकिंग कराकर लोगों से खुद ब खुद सड़कों को खाली करने की अपील की गई थी। बावजूद कुछ हठधर्मी दुकानदारों और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण बाजार की सूरत नहीं बदल पा रही है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासनिक शिथिलता को दरकिनार करते हुए एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को हिदायत दी है कि वे तुरंत पूरे क्षेत्र में व्यापक माइकिंग अभियान शुरू कराएं। इसके साथ ही उन्होंने तय समय सीमा के भीतर स्वेच्छा से अतिक्रमण न हटाने वालों पर बुलडोजर चलाने और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सुचारू बनाने के लिए ई-रिक्शा चालकों के वास्ते एक अलग स्टैंड चिन्हित करने का आदेश जारी किया ताकि मुख्य सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा न लगे और रजौली वासियों को जाम से हमेशा-हमेशा के लिए निजात मिल सके।
भईया जी की रिपोर्ट