नवादा : जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के नया बाजार पांती में चोरों ने एक दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी। अज्ञात बदमाशों ने गल्ला व्यवसायी की दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी समेत हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए।
दीवार काटकर दुकान में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार नया बाजार पांती बाजार निवासी गल्ला व्यवसायी रमेश कुमार उर्फ जम्मू की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। रात के अंधेरे में बदमाशों ने दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा गल्ला के बक्सा को तोड़ दिया। बक्सा में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चोर अपने साथ ले गए।
महत्वपूर्ण कागजातों को किया तहस-नहस
चोरी के दौरान बदमाशों ने दुकान में रखे कई जरूरी दस्तावेजों को भी बिखेर दिया और नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, दुकान में रखा करीब पांच बोरा गेहूं चोर उठा ले गए। घटना से व्यवसायी को भारी आर्थिक क्षति हुई।
सुबह खुली दुकान तो उड़े होश
सुबह जब व्यवसायी दुकान खोलने पहुंचे तो टूटी हुई दीवार और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई तथा चोरी की सूचना पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे का दावा
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया।
भईया जी की रिपोर्ट