नवादा : जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-120 पर रविवार की देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर काफी तेज गति में था और अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। घटना रविवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलने पर सीतामढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।
भईया जी की रिपोर्ट