-डीएम ने विद्यालय के समय में किया परिवर्तन
नवादा : जिले में इन दिनों गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूरज के तेवर इतने तीखे रहे कि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा छा गया। बाजार, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ देखने को मिली। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
फिलहाल गर्मी से नहीं से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के वैज्ञानिक रोशन कुमार ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। अगले पांच से छह दिनों तक जिले में लू और तेज गर्मी का असर बना रह सकता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंकने और लगातार पानी पीते रहने की अपील की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार तेज गर्मी और लू के कारण शरीर में पानी की कमी, चक्कर, उल्टी, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को नींबू पानी, ओआरएस और नारियल पानी पीने की सलाह दी गई है।
स्कूलों और चौक-चौराहों पर भी सतर्कता
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए है। वहीं शहर के कई चौक-चौराहों पर प्याऊ और पेयजल की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।
डीएम ने विद्यालयों के समय में किया परिवर्तन
जिले में बढ़ती तपीश को देखते हुए डीएम रवि प्रकाश ने विद्यालयों के शैक्षणिक समय में परिवर्तन किया है। अब विद्यालयों का संचालन 22 भी से 30 मई तक साढ़े बारह बजे के बजाय ग्यारह बजे तक किया जाएगा। इससे संबंधित पत्र जारी किए गए हैं।
भईया जी की रिपोर्ट