– बकरीद को लेकर तैयारियां तेज, चांद देखे जाने की पुष्टि
नवादा : जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं। मौलाना मो. जहांगीर आलम महजूरुल कादरी ने जानकारी दी कि ईद-उल-अजहा का चांद देखा गया है। इसके साथ ही घोषणा की गयी है कि बकरीद का पर्व 28 मई को पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जायेगा। चांद दिखाई देने के बाद दसवें दिन बकरीद का त्योहार मनाया जाता है, जो तीन दिनों तक चलता है।
कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का संदेश
उन्होंने बताया कि यह पर्व कुर्बानी, त्याग और इंसानियत का संदेश देती है। इस दिन मुसलमान नमाज-ए-ईद अदा कर अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश करते हैं और जरूरतमंदों के बीच मांस का वितरण करते हैं। महजूरुल कादरी ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार को शांति, भाईचारे और साफ-सफाई के साथ मनाएं। साथ ही प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बाजारों में बढ़ी रौनक
जिले के मस्जिदों और ईदगाहों की साफ-सफाई का काम जारी है। बाजारों में रौनक बढ़ गयी है। खस्सी (बकरा) की खरीदारी में तेजी आ गयी है, जहां लोग कुर्बानी के जानवरों और जरूरी सामान की खरीदारी में जुटे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट