नवादा : जिला समाहर्ता व एसपी ने जिले के एकमात्र खनन प्लांट गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के खखन्दुआ का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने गिट्टी लेकर विभिन्न स्थलों के लिए रवाना होने वाले ट्रक चालकों से संबंधित गांवों के असमाजिक तत्वों द्वारा रंगदारी मांगने तथा इंकार करने पर ट्रकों को क्षतिग्रस्त कर मारपीट से संबंधित चालकों से बातें की।
उन्होंने उपस्थित कर्मियों से स्थानीय लोगों द्वारा तंग किये या फिर धमकी दिये जाने व संभावित प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से होने वाली क्षति से संबंधित जानकारियां प्राप्त की। इसके साथ ही कराये जा रहे कार्यों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
इसके साथ ही पत्थर ढुलाई के लिए संभावित वैकल्पिक मार्गों के संबंध में बातें की ताकि खनन संचालक व पत्थरों व गिट्टी की बिक्री में सहुलियत हो। अधिकारी द्वय के निरीक्षण से खदान संचालक के साथ ही मालवाहक ट्रकों व चालकों में आशा का संचार हुआ है। अब जिला प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार संचालक व मालवाहक ट्रकों व चालकों को रहेगा।
भईया जी की रिपोर्ट