नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में सभी तेल विपणन कंपनियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पेट्रोल एवं डीजल की सुचारु आपूर्ति, पारदर्शिता तथा आवश्यक सेवाओं के लिए ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी तेल विपणन कंपनियों को “First In First Out” सिद्धांत के तहत पेट्रोल पंप पर क्रमानुसार ईंधन आपूर्ति करने का निदेश दिया गया , ताकि ईंधन आपूर्ति की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी रहे।उन्होंने खुदरा उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए सार्वजनिक यातायात वाहन, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को उनकी आवश्यकता अनुसार पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उनके ईंधन आपूर्ति में किसी पेट्रोल पंप द्वारा कटौती नहीं किए जाने का निदेश दिया गया ।
जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को बैरल अथवा गैलन में अत्यधिक मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री से बचने का निर्देश दिया। साथ ही किसानों, सूक्ष्म उद्यमियों, ठेला-खोमचा विक्रेताओं एवं अन्य आवश्यक आजीविका गतिविधियों से जुड़े लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं को मानवीय एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण से ध्यान में रखने को कहा। पम्प संचालक केस बाय केस बेसिस पर गैलन में तेल देने के विषय पर निर्णय लेंगे। बैठक में जिला परिवहन कार्यालय के पदाधिकारियों एवं तेल विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया, ताकि अवैध अथवा अत्यधिक मात्रा वाले लेन-देन की सूचना तत्काल साझा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त सभी तेल विपणन कंपनियों के प्रतिनिधियों को जिले के पेट्रोल पंप डीलरशिप को की गई ईंधन आपूर्ति का तुलनात्मक प्रतिवेदन हस्ताक्षरित रूप में उपलब्ध कराने निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप डीलरों को वर्तमान परिस्थिति में विवेक एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा अनावश्यक जमाखोरी एवं दुरुपयोग रोकने में प्रशासन का सहयोग करने का निर्देश दिया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, तेल विपणन कंपनियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया तथा आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने एवं आवश्यकता अनुसार ही ईंधन क्रय करने की अपील की। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी नवीन कुमार पांडे, अवर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शुभेंदु शेखर, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि एवं जिले के पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट