नवादा : जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वज्रपात से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पहली घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेया गांव में घटी, जहां बकरी चरा कर घर लौट रहे 59 वर्षीय छोटे रविदास पर अचानक वज्रपात हो गया।
आनन-फानन में परिजनों के द्वारा उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना नेमदारगंज थाना क्षेत्र के सकरपुरा गांव में घटी, जहां पशु चरा रहे 63 वर्षीय नरेश सिंह की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। तीसरी घटना नरहट थाना क्षेत्र के बिहारी बीघा गांव में हुई, जहां मुन्नी यादव की 45 वर्षीय पत्नी गिरजा देवी की मौत ठनका की चपेट में आने से हो गई।
बताया गया कि गिरजा देवी गांव के रेलवे लाइन की ओर अपनी भैंस लाने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है। घटना के बाद सभी के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस सभी शबों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया।
भईया जी की रिपोर्ट