नवादा : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सबका सम्मान, जीवन आसान” के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान हेतु माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना में आयोजित कार्यक्रम में “सहयोग हेल्पलाइन 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम का जिला स्तर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। समाहरणालय सभाकक्ष से जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
“सहयोग हेल्पलाइन 1100” प्रतिदिन प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक संचालित रहेगी, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अतिरिक्त नागरिक “सहयोग पोर्टल” पर ऑनलाइन माध्यम से कभी भी परिवाद/आवेदन दर्ज कर सकेंगे।
पोर्टल के माध्यम से घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।ऑनलाइन आवेदन दर्ज होने के उपरांत आवेदक को तत्काल रसीद/पावती उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से वे अपने आवेदन की स्थिति एवं निष्पादन की प्रगति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।शिकायतों के निष्पादन के उपरांत आवेदक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक एवं टिप्पणी भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।
भईया जी की रिपोर्ट