अरवल -जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर सोमवार को अरवल में भाजपा महिला मोर्चा ने स्वतंत्रता सेनानी पार्क से भगत सिंह चौक तक विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी की उपस्थिति में आयोजित प्रदर्शन के दौरान इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. आंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर कांग्रेस से जवाबदेही की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने महिला सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जेएनयू की 11 छात्राओं ने मई 2026 में तत्कालीन प्रोफेसर अकोइजाम के खिलाफ कथित यौन दुर्व्यवहार की शिकायतें की थीं। शिकायतों में अनुचित टिप्पणियों और व्यवहार के आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच के बाद जेएनयू ने 9 अक्टूबर 2026 को उन्हें विश्वविद्यालय की सेवाओं से बर्खास्त कर दिया। विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, कांग्रेस सांसद डॉ. आंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने आरोपों को खारिज करते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
अरवल में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा के नेत्रियों ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी अपने सांसद के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों पर स्पष्ट रुख रखने की मांग उठाई। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा, “महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। छात्राओं से जुड़े इस तरह के गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
महिलाओं को न्याय मिलना और उनकी गरिमा की रक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। भाजपा महिला मोर्चा के इस प्रदर्शन के माध्यम से महिला सुरक्षा, न्याय और राजनीतिक जवाबदेही का मुद्दा उठाया गया। इस मौके पर महिला मोर्चा जिला महामंत्री अनिता देवी, रेखा कुमारी, भाजपा जिला महामंत्री संजीव कुमार, जिला उपाध्यक्ष संजीत सिंह, जिला मंत्री नीतीश पासवान, वाणिज्य प्रकोष्ठ क्षेत्रीय प्रभारी दीपक शर्मा, कार्यालय मंत्री धनंजय रविदास, युवा मोर्चा चुन्नू नंदन, अल्पसंख्यक मोर्चा सज्जाद आलम, कलेर पूर्वी मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, अमरकांत कुमार, सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
