नवादा : सदर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को दलालों से सतर्क रहने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अस्पताल परिसर में इस संबंध में सूचना पट्ट लगाया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि अस्पताल में सभी प्रकार की सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। यदि कोई व्यक्ति या कर्मी किसी सेवा के बदले पैसे की मांग करता है, तो इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जा सकती है।

अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य ने बताया कि सदर अस्पताल में मरीजों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति मरीजों या उनके परिजनों को गुमराह कर पैसे की मांग करता है, तो ऐसे लोगों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और पैसे की मांग होने पर तत्काल इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दें।
उन्होंने बताया कि शिकायत को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित व्यक्ति का फोटो लेकर निर्धारित मोबाइल नंबरों पर व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। सूचना पट्ट पर अस्पताल प्रबंधक, उपाधीक्षक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और सिविल सर्जन के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाना, मरीजों के हितों की रक्षा करना और स्वास्थ्य सेवाओं को पारदर्शी बनाना है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अवैध वसूली की जानकारी मिलने पर बिना देर किए शिकायत करें।
भईया जी की रिपोर्ट

