-जानलेवा हमला एवं बेआबरू कर महिला सहित पूरे परिवार को घर से निकला
नवादा : पुलिस के नाक के नीचे भू माफिया द्वारा धोखे से जबरन मकान की रजिस्ट्री करवा उसपर जबरन कब्जा कर लिए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। गुंडों के सहयोग से भू माफिया ने घर की महिला सहित अन्य सदस्यों पर जानलेवा हमला किया। मामला जिलांतर्गत हिसुआ प्रखंड मुख्यालय स्थित बैठकी गली का है। बताया जाता है कि हिसुआ स्थित बैठकी गली निवासी मनोज कुमार जैन को पुत्री की शादी के लिए पैसे की जरूरत थी।
पीड़ित मनोज कुमार ने बताया कि इस बाबत उन्होंने अपने मकान की गिरवीं के नाम पर हिसुआ बीच बाजार काली स्थान निवासी पंकज कुमार से सात लाख रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन पंकज कुमार से मकान की गिरवीं के नाम पर धोखे से रजिस्ट्री के कागजात पर हस्ताक्षर करवा लिये और बुरे अंजाम की धमकी देकर उनसे मकान की रजिस्ट्री भी करवा लिया। मकान व जमीन के बंटवारे को लेकर मनोज कुमार जैन का उनके हिस्सेदारों के साथ पूर्व से विवाद चल रहा था। रजिस्ट्री के बाद पंकज कुमार के कब्जे से मुक्त होते ही जब उन्होंने इस बात से अपने स्वजनों को अवगत कराया, तो उनकी शिकायत पर धमकी-धोखे से हुई रजिस्ट्री के बाद उसके मोटेशन पर संबंधित विभाग ने रोक लगा दी।
बताया जाता है कि रजिस्ट्री हुए मकान में मनोज कुमार जैन भाइयों का भी हिस्सा है, जिसे लेकर उनका आपस मे विवाद चला आ रहा है।धोखाधड़ी के शिकार हुए मनोज कुमार जैन के साथ ही उनकी पत्नी ऋतिका जैन एवं पुत्र संभव जैन ने बताया कि वे सभी अपने रिश्तेदार के यहां गये हुए थे। जब वे 3 मई को वापस लौटे, तो उन्होंने अपने घर में ताला लटका पाया। जानकारी मिली कि उनकी अनुपस्थिति में पंकज कुमार एवं उनके सहयोगी उनके घर का ताला तोड़ जबरन अपना ताला जड़ दिया है। तब वे सभी 5 मई को पीछे के रास्ते घर में घुसे।
जानकारी मिलने पर पंकज कुमार हरवे-हथियार एवं दर्जनों गुंडों के साथ घर पर पहुंच न केवल पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर जख्मी कर दिया, बल्कि बुरे नियत से महिला के कपड़े फाड़ डाले। बाद में उनलोंगों ने घर के सभी लोगों को धक्का-मुक्की व मार-पीट कर घर से बाहर खदेड़ दिया और वापस लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। इस बाबत हिसुआ थाना को सूचित किए जाने पर पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। पीड़ित परिवार ने बताया कि पंकज कुमार भू माफिया है, जिसके कारनामों पर पर्दा डालने के लिए प्रतीत होता है कि स्थानीय पुलिस ने उससे मोटी रकम ले रखी है।
उन्होंने एसपी एवं डीएम से मिलकर न्याय की गुहार लगाई , लेकिन भू माफिया पंकज कुमार एवं उनके भाड़े के गुंडों के विरुद्ध अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार अपने सर पर छत की आशा में नवादा मुख्यालय में इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन संवेदनहीन पुलिस प्रशासन के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। भू-माफिया पंकज कुमार के आतंक से आतंकित न्याय की आशा में नवादा में इधर-उधर भटक रहे पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर भू माफिया एवं उनके भाड़े के गुंडों पर सख्त कार्रवाई करते हुए गुंडों के चंगुल से उनके घर को मुक्त करवा उन्हें सुपुर्द नहीं करवाया गया, तो वे पूरे परिवार के साथ समाहरणालय के समक्ष आत्मदाह कर लेंगे।
भईया जी की रिपोर्ट