नवादा : कहते हैं कि मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के आगे संसाधनों की कमी भी छोटी पड़ जाती है। जिले की मेसकौर प्रखंड के पवई गांव की बेटी साक्षी कुमारी ने इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं परीक्षा में साक्षी ने 99.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। उसने 700 में से 695 अंक प्राप्त कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है।
12-15 साल पहले हिमाचल गया परिवार
साक्षी मूल रूप से जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत मिर्जापुर पंचायत की पवई गांव की रहने वाली है। उनके पिता उपेंद्र शर्मा पेशे से कारपेंटर हैं, जबकि माता रंजू देवी सिलाई का कार्य करती हैं। बेहतर रोजगार और बच्चों की पढ़ाई के उद्देश्य से परिवार करीब 12-15 वर्ष पहले हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला अंतर्गत रोहड़ू में जाकर बस गए। हालांकि पवई गांव में उनका पैतृक घर आज भी है। त्योहारों के दौरान परिवार गांव आता-जाता रहा है। साक्षी के चचेरे भाई मनीष कुमार ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बच्चों की शिक्षा में कभी कमी नहीं आने दी। बेटी की सफलता पर माता रंजू देवी भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि साक्षी हमेशा पढ़ाई को प्राथमिकता देती रही और बिना किसी दवाब के खुद मेहनत करती थी।
नियमित टाइम टेबल बनाकर करती थी पढ़ाई
साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उसने बताया कि वह नियमित टाइम टेबल बनाकर पढ़ाई करती थी। आगे वह नान मेडिकल विषय से पढ़ाई कर इंजीनियर बनना चाहती है। साक्षी की इस उपलब्धि से मेसकौर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
भईया जी की रिपोर्ट