नवादा : जिले में रजौली थाना क्षेत्र की धमनी पंचायत अंतर्गत डुमरकोल गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हृदयविदारक घटना सामने आयी है। महज पांच हजार रुपये की मामूली मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गयी। मृतका की पहचान रोहित कुमार की पत्नी खुशी कुमारी के रूप में की गयी है। मृतका की शादी वर्ष 2023 में गया जिले के टनकुप्पा निवासी अजय सिंह की पुत्री के रूप में हुई थी। मृतका अपने पीछे महज डेढ़ साल की मासूम बच्ची छोड़ गयी है।
मृतका के भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के भाई साहिल कुमार द्वारा थाने में दिये गये आवेदन के अनुसार, पति रोहित कुमार बीते कुछ दिनों से ससुराल वालों से पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था। रकम मिलने में देरी होने पर लगातार झगड़ा व मारपीट कर रहा था। आरोपित ने पैसे न मिलने पर पहले आत्महत्या की धमकी देकर घर से निकलने का नाटक किया। जब ग्रामीण व परिजन उसे समझाने में जुटे थे, तभी घर लौटकर उसने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर खुशी के साथ मारपीट की और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के बाद ससुराल वाले घर छोड़ कर हुए फरार
सोमवार को थाना परिसर के बाहर जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वारदात के बाद पति रोहित कुमार, ससुर सर्जुन सिंह, सास, ननद नेहा कुमारी और देवर डब्लू कुमार घर छोड़कर फरार हो गया।थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट