नवादा : सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना एवं जिलाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आमजनों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों के प्रभावी निराकरण के लिए जिले में सहयोग शिविर का आयोजन तीन माह तक किया जाएगा। आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम मंगलवार को अलग-अलग पंचायतों में किया जाएगा। सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोक सेवाओं की समयबद्ध प्रदायगी सुनिश्चित करना तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्पन्न विलंब को दूर करना है।
शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी/उप विकास आयुक्त/अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी या समकक्ष जिला स्तरीय पदाधिकारी/अनुमण्डल पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा। सभी शिविरों का आयोजन संबंधित पंचायत सरकार भवन अथवा उसके निकट किसी सार्वजनिक स्थल पर प्रातः 10:00 बजे से किया जाएगा। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सहयोग शिविर के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा शिविर की सूचना निर्धारित तिथि से पूर्व आम जनों तक पहुंचाएं।
साथ ही आवेदन/परिवाद पत्र प्राप्त करने हेतु कार्यपालक सहायकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, जो 19 मई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के लिए 02.05.2026 से ही आयोजन स्थल पर उपस्थित रहकर आमजनों से आवेदन प्राप्त करेंगे एवं प्राप्त आवेदनों का विधिवत पंजी संधारण करेंगे। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को अनिवार्य रूप से पंजीकृत करते हुए “शिविर संवाद समाधान पोर्टल” के माध्यम से उनका डिजीटल संधारण भी सुनिश्चित किया जाएगा। आवेदन प्राप्ति एवं उसके अनुश्रवण की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड में आयोजित शिविर की अध्यक्षता करने वाले पदाधिकारी की होगी। 19 मई को नवादा सदर प्रखंड के समाय पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में भी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से सिरदला प्रखंड के उपरडीह पंचायत, गोविंदपुर प्रखंड के बनिया बिगहा पंचायत, नारदीगंज प्रखंड के कहुआरा पंचायत, पकरीबरावां प्रखंड के ढोंढा पंचायत, कौआकोल प्रखंड के देवनगढ़ पंचायत, अकबरपुर प्रखंड के नेमदारगंज पंचायत, वारिसलीगंज प्रखंड के चकवाय पंचायत, रजौली प्रखंड के हरदिया पंचायत, नरहट प्रखंड के वभनौर पंचायत, हिसुआ प्रखंड के सोनसा पंचायत, मेसकौर प्रखंड के सहबाजपुर सराय पंचायत, रोह प्रखंड के कुंज पंचायत तथा काशीचक प्रखंड के खखरी पंचायत शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
भईया जी की रिपोर्ट