नवादा : शहर की मुख्य सड़कों पर जानलेवा स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शिकंजा कसा है। प्रजातंत्र चौक से आईटीआई तक दो बाइकों पर खतरनाक करतब दिखाने वाले युवकों में से एक को पुलिस ने कादिरगंज से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मोनू कुमार के रूप में हुई है, जिस पर यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 19 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
पिछले दो दिनों से शहर के बीचों-बीच स्टंटबाजी की तस्वीरें सोशल मीडिया और सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं। “भैया जी” की प्रमुखता से प्रकाशित खबर और यातायात पुलिस उपाधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया। हिरासत में लिये गये युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कसमें खायी है।
फरार स्टंटबाज की तलाश जारी
यातायात थानाध्यक्ष विद्याशंकर कुमार ने बताया कि स्टंट में शामिल दूसरी बाइक और उसके चालक की पहचान कर ली गयी है। फरार युवक इसके पूर्व भी दो बार लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है, लेकिन वह फिर से इसी हरकत में शामिल पाया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना दंडनीय अपराध है। पकड़े जाने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ बाइक जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। पुलिस ने युवाओं से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
भईया जी की रिपोर्ट