नवादा : जिले से दहेज प्रथा को शर्मसार करने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के पास जलालपुर गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता विनीता कुमारी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विवाहिता को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नेमदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था, और आखिरकार उसकी जान ले ली गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
भईया जी की रिपोर्ट