नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने नारद: संग्रहालय का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन पांडुलिपियों, ऐतिहासिक अभिलेखों, दुर्लभ कलाकृतियों एवं अन्य सांस्कृतिक धरोहरों का गहन अवलोकन किया तथा उनके संरक्षण एवं रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नारद: संग्रहालय के नए भवन के निर्माण की योजना तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि नए भवन के डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंट के चयन हेतु भवन निर्माण निगम द्वारा निविदा जारी की गई है, जो 06 मई 2026 को खुलेगी। कंसल्टेंट के चयन एवं डीपीआर तैयार होने के उपरांत प्रशासनिक स्वीकृति हेतु प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जाएगा।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुश्री प्रतिभा कुमारी ने ज्ञान भारतम मिशन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य देश की समृद्ध बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है। ताड़पत्र, भोजपत्र, कपड़े अथवा पुराने कागजों पर लिखी पांडुलिपियों में प्राचीन ज्ञान, साहित्य, आयुर्वेद, खगोल विज्ञान एवं स्थानीय इतिहास का महत्वपूर्ण भंडार निहित है, जो समय के साथ नष्ट होने के कगार पर हैं। इस मिशन के माध्यम से इन अमूल्य धरोहरों को आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पांडुलिपियों का स्वामित्व संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था के पास ही सुरक्षित रहेगा तथा जिला प्रशासन द्वारा केवल उनका वैज्ञानिक विधि से डिजिटलीकरण किया जाएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय डिजिटल रिपॉजिटरी का हिस्सा बनाया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने पास उपलब्ध अथवा जानकारी में आने वाली प्राचीन पांडुलिपियों की सूचना संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी अथवा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं।
भईया जी की रिपोर्ट