-राज्य पर्यवेक्षक के देखरेख में होगा चुनाव कमिटी का गठन
नवादा : जिला अधिवक्ता संघ तदर्थ कमिटी को गहरा धक्का लगा है। राज्य बार एसोसिएशन ने तदर्थ कमिटी द्वारा नियुक्त चुनाव प्रभारी अधिवक्ता निरंजन कुमार की नियुक्ति को अवैध घोषित कर दिया है। इससे संबंधित पत्र जारी किया गया है। राज्य बार कौंसिल द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य पर्यवेक्षक के देखरेख में चुनाव अभियान समिति का गठन आमसभा में किया जायेगा। तिथि व समय की घोषणा जल्द की जायेगी जिसकी सूचना उपलब्ध करायी जायेगी।
बता दें इसके पूर्व पूर्व महासचिव संत शरण शर्मा व अधिवक्ता अवलोक समेत कई अधिवक्ताओं ने तदर्थ कमिटी द्वारा मनमानी तरीके से चुनाव पदाधिकारी के रूप में नियम विरुद्ध अधिवक्ता निरंजन की नियुक्ति को चुनौती देते हुए रद्द करने का अनुरोध राज्य बार कौंसिल से किया था। आपत्ति व्यक्त करने के बाद 26 अप्रैल को अपना पक्ष रखने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद राज्य बार कौंसिल ने माना कि बैठक से लेकर नियुक्ति तक में नियमों का पालन तो दूर एकल नियुक्ति कर नियमों की अवहेलना की गयी है। फलत: नियुक्ति को रद्द कर राज्य पर्यवेक्षक की देखरेख में आमसभा का आयोजन कर चार सदस्यीय चुनाव अभियान समिति का गठन किया जाएगा। इस प्रकार तदर्थ कमिटी को औंधे मुंह गिरने पर अधिवक्ताओं में भारी खुशी तो तदर्थ कमिटी में मायूसी देखी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट