नवादा : अपनी शादी का निमंत्रण पत्र बांटने घर से निकले दूल्हे की जिले के रूपौ थाना क्षेत्र के कनौलिया गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान पकरीबरावां थाना क्षेत्र के तरहारा गांव निवासी बालक यादव के 30 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है। छह दिन बाद 28 अप्रैल को उसकी बारात जाने वाली थी। मगर हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीण सड़क से निकल कर अचानक स्टेट हाइवे 82 पर आए बाइक सवार को एक चारपहिया वाहन ने रौंद दिया जिससे दिलीप और उसके साथ रहे उसका दोस्त रंजन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर स्थिति देख चिकित्सक ने रोह पीएचसी से सदर अस्पताल रेफर कर दिया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। छह दिन बाद 28 अप्रैल को दिलीप कुमार की शादी होने वाली थी।
साथ रहे रंजन कुमार को बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। रूपौ थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि बोलेरो गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। उसके चालक सह मालिक कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर सड़क हादसे में दूल्हे की मौत से शादी का माहौल मातम में बदल गया। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग गमगीन हैं और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट