नवादा : जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, एनआईसी राजीव कुमार का स्थानान्तरण पटना समाहरणालय में होने के उपलक्ष्य में समाहरणालय सभाकक्ष में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। राजीव कुमार वर्ष 2012 में समाहरणालय में अपना योगदान दिया था तथा अपने दीर्घ कार्यकाल में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, रवि प्रकाश ने कहा कि हम सब यहाँ एक ऐसे व्यक्तित्व को विदाई देने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया, बल्कि अपने व्यवहार, मार्गदर्शन और सहयोग से हम सभी के दिलों में एक विशेष स्थान बनाया। राजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विदाई का यह क्षण भावुक जरूर है, लेकिन साथ ही गर्व का भी है कि मुझे नवादा में आप सभी के साथ कार्य करने का अवसर मिला।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी,अपर समाहर्त्ता, गोपनीय शाखा प्रभारी, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट