-सफेद झूठ बोल रहा प्रशासन
नवादा : जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता एवं आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डॉ. राज कुमार सिन्हा बार बार सफेद झूठ का सहारा ले बरगलाने का काम कर रहे हैं जबकि सच्चाई इससे कोसों दूर है। प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडर की स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा सभी उपभोक्ताओं तक नियमित रूप से गैस सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ गैस सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करें।
कंपनियों से प्राप्त ताजा आंकड़ों के अनुसार जिले में 14.2 किलोग्राम श्रेणी के कुल 13,001 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिनमें एचपीसीएल के 3,037, बीपीसीएल के 7,366 एवं आईओसीएल के 2,598 गैस सिलेंडर शामिल हैं। यह उपलब्धता वर्तमान मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।गैस सिलेंडरों की डोर-टू-डोर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। दूरभाष संख्या 06324-212122 पर अब तक 254 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 219 का समाधान कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।
साथ ही, जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों में विशेष धावा दल गठित किए गए हैं, जो नियमित रूप से गैस एजेंसियों के गोदामों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर बुकिंग करें और संयम बनाए रखें।
दूसरी ओर गोविंदपुर इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंची भवनपुर गांव की महिला माधुरी देवी से कहा गया आपका कनेक्शन बंद कर दिया गया है। जब कारण जानना चाहा तो कहा कि आपका आधार कार्ड दूसरे एजेंसी से टैग कर दिया गया है। क्या ऐसा संभव है? जब उनके पास दूसरी कंपनी का कनेक्शन ही नहीं है तथा सिलेंडर की मारामारी के पूर्व तक सिलेंडर का उठाव किया तब कनेक्शन बंद होने का सवाल कहां? ऐसी सैकड़ों महिलाओं को यह कहकर एजेंसी संचालक वापस लौटा रहे हैं जबकि उनके नाम पर फर्जी गैस का उठाव किया जा रहा है। फिर कहां है दावा दल? इस प्रकार की एजेंसी द्वारा बरती जा रही अनियमितता को देखेगा कौन?
भईया जी की रिपोर्ट