नवादा : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निदेशानुसार जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, द्वारा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 04.04.2026 को संयुक्त श्रम भवन (सरकारी आई.टी.आई.) के प्रांगण में एक दिवसीय रोजगार कैम्प का आयोजन किया जाएगा। उक्त रोजगार कैम्प में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्था कर्मण्या सिक्योरिटी सर्विस, दिल्ली द्वारा मशीन ऑपरेटर के कुल 50 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं/बारहवीं/स्नातक/आई.टी.आई. निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता के आधार पर लगभग ₹15,000/- मासिक वेतन के साथ-साथ EPF, ESI, भोजन, आवास एवं ओवरटाइम की सुविधा प्रदान की जाएगी। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है तथा कार्यस्थल जालंधर (पंजाब) होगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड की प्रति, हाल का रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि को कैम्प स्थल पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। यह रोजगार कैम्प पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
बताया गया है कि केवल वही अभ्यर्थी रोजगार कैम्प में भाग ले सकते हैं, जो राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल पर निबंधित हैं। जो अभ्यर्थी अब तक निबंधित नहीं हैं, वे अपना निबंधन स्वयं NCS पोर्टल पर अथवा जिला नियोजनालय, नवादा में कराकर कैम्प में भाग ले सकते हैं। उक्त नियोजन पूर्णतः निजी क्षेत्र के अधीन है तथा नियोजन की शर्तों के लिए नियोजक स्वयं उत्तरदायी होंगे। जिला नियोजनालय, नवादा केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका में कार्य करेगा।
भईया जी की रिपोर्ट