नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विगत बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रकाश प्रियरंजन द्वारा अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत दिनांक 28.03.2026 तक इस अधिनियम के तहत कुल 270 कांड दर्ज किए गए हैं, जिनमें 261 मामलों में स्वीकृति प्रदान की गई है तथा 224 मामलों में मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है।
3 मामलों में पीड़ितों द्वारा मुआवजा लेने से इंकार किया गया है तथा 2 पीड़ित घर से बाहर हैं। पेंशन भुगतान के संबंध में बताया गया कि कुल 51 पेंशनधारियों को फरवरी माह तक पेंशन का भुगतान सुनिश्चित कर दिया गया है। थाना से प्राप्त प्रतिवेदन एवं न्यायालय में उपस्थिति के आधार पर कुल 73 पीड़ितों को यात्रा भत्ता एवं दैनिक भरण-पोषण की राशि उनके खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, विभागीय पोर्टल पर दिनांक 28.03.2026 तक कुल 1627 कांड दर्ज हैं, जिनमें से 1574 मामलों में पीड़ितों/आश्रितों को प्रथम किस्त की अनुतोष राशि का भुगतान किया जा चुका है।
इसके साथ ही मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की समीक्षा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि सीवरेज वर्करों का नियमित चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा संबंधित सभी कार्यपालक पदाधिकारी इस विषय में संवेदनशील हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद नवादा, वारिसलीगंज, हिसुआ एवं नगर पंचायत रजौली के कार्यपालक पदाधिकारियों को समय-समय पर चिकित्सीय जांच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अवगत कराया गया कि नगर परिषद नवादा, वारिसलीगंज, हिसुआ एवं नगर पंचायत रजौली में सीवर टैंक की सफाई हेतु एक-एक वाहन उपलब्ध कराया गया है। जिला पदाधिकारी ने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), विधायक रजौली के प्रतिनिधि, थानाध्यक्ष अनुसूचित जाति/जनजाति थाना नवादा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट