– अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल कर लगातार संबंध बनाता रहा आरोपित
नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग छात्रा से रिश्ते के भाई ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया तथा अश्लील वीडियो बनाकर लगातार यौन शोषण करता रहा। मंगलवार की सुबह पीड़िता परिजनों के सहयोग से थाना पहुंचकर घटना की सूचना देकर आरोपित के विरुद्ध करवाई की मांग की। प्राथमिकी दर्ज करने के तत्काल बाद पुलिस ने आरोपित को महज कुछ ही घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता नाबालिग है। आरोपित दो माह पहले चचेरी बहन से मिलने उसके गांव गया था। वहां बहन नहीं मिली, तो अकेला देख नाबालिग के साथ आरोपित ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया तथा वीडियो बना लिया। उसके बाद ब्लैकमेल कर लगातार संबंध बनाता रहा। इस बीच पीड़िता गर्भवती हो गयी, जिसकी जानकारी नाबालिग ने आरोपित को दी। आरोपित ने नाबालिग को गर्भपात होने वाली दवा खिला दी। फलस्वरूप दर्द से बेचैन पीड़िता को सारी कहानी स्वजनों को बतानी पड़ी।
उसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर वारिसलीगंज थाना पहुंचे और मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बताया गया कि आरोपित के पिता सरकारी सेवा में थे, जिनके निधन के पश्चात हाल ही में आरोपित की शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी लगी थी। इस आशय की जानकारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने दी।
भईया जी की रिपोर्ट