पटना : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत हीरो बाइक शोरूम के संचालक ललन कुमार से दिनदहाड़े हुई 6 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से लूटी गई पूरी राशि बरामद कर ली गई है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह लूट की घटना 5 फरवरी को बाढ़ थाना क्षेत्र में एसडीपीओ कार्यालय से कुछ ही दूरी पर हुई थी।
बाइक सवार दो अपराधियों ने शोरूम के पार्टनर ललन कुमार से 6 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।ग्रामीण एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर लूटी गई पूरी 6 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली है। हालांकि पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया कि ललन कुमार बैंक से रुपये निकालकर पहले शोरूम पहुंचे थे और इसके बाद झोले में रुपये लेकर पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने झपट्टा मारकर रुपये से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए। लूटी गई राशि की बरामदगी के बाद पीड़ित शोरूम संचालक ललन कुमार तथा बाढ़ व्यापार मंडल के सदस्यों ने पुलिस पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट