नवादा : उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली कि बासोडीह से उजले रंग की टाटा मैजिक पिकअप (निबंधन संख्या JH09T5488) में शराब लोड कर थाली बाजार के रास्ते नवादा लाई जा रही है। सूचना के आलोक में देर रात थाली बाजार के समीप नाकाबंदी की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन पहुंचा, टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। वाहन के पीछे डाले में बनाए गए गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की 750 एमएल की 12 बोतल, 375 एमएल की 62 बोतल, स्टर्लिंग रिजर्व व्हिस्की 375 एमएल की 20 बोतल, आईकॉनिक व्हाइट व्हिस्की 375 एमएल की 16 बोतल, मैजिक मोमेंट ऑरेंज फ्लेवर्ड वोडका 375 एमएल की 30 बोतल तथा गॉडफादर द लीजेंडरी सुप्रीम स्ट्रांग बियर के 24 केन शामिल हैं। सभी बोतलों पर “For Sale in Jharkhand Only” अंकित पाया गया।
इस कार्रवाई में कुल 57 लीटर विदेशी शराब और 12 लीटर बीयर, यानी कुल 69 लीटर मदिरा बरामद की गई। वाहन में सवार एकमात्र चालक सह तस्कर की पहचान आसिफ (उम्र लगभग 24 वर्ष), पिता मोहम्मद सलीम, ग्राम भदौनी, न्यू आजाद मोहल्ला, थाना नगर, जिला नवादा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नवादा निवासी विनोद कुमार (जिसका केवल नाम जानता है) उसके साथ बासोडीह गया था। वहीं से गाड़ी लेकर नवादा के सद्भावना चौक पर खड़ा करने को कहा गया था। जब्त पिकअप वाहन के संबंध में आरोपी ने बताया कि वाहन विनोद कुमार का है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व मद्यनिषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक श्री दीपक कुमार ने किया। मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट