– तीन मास्टर चाबी, एक पेचकस जब्त,चार गिरफ्तार
नवादा : जिले के बुंदेलखंड थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सहोदर भाइयों समेत चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन चोरी की बाइक, तीन मास्टर चाबी और एक पेचकस बरामद किया है।
बरामद की गयी बाइकों में से दो बाइक थाना क्षेत्र के तेली टोला से चोरी की गयी थीं, जिनका रंग बदलकर चोर इस्तेमाल कर रहे थे। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। इसी क्रम में 26 जनवरी को थाना क्षेत्र के अंसार नगर स्थित मोगलाखार मोड़ के पास से एक लाल रंग की संदिग्ध बाइक को जब्त किया गया। जब्त बाइक के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गयी।
एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर बुंदेलखंड थानाध्यक्ष धनवीर कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मोगलाखार मुहल्ला निवासी दो सगे भाई मो. अतीक अहमद उर्फ गुलाम मुस्तफा और मो. गुलाब शबीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अन्य साथियों के नाम बताये। इसके बाद पुलिस ने मोगलाखार मुहल्ले से मो रिजवान और मो जुनैद अख्तर उर्फ अमन को गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर दो और चोरी की बाइक बरामद की गयी।
मास्टर चाबी से लॉ़क खोल बाइक लेकर फरार हो जाते थे शातिर
नगर सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपितों के पास से तीन चोरी की बाइक, तीन मास्टर चाबी और एक पेचकस जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान जगह देखकर मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मोगलाखार निवासी अकबर हुसैन उर्फ राजू के पुत्र अतीक अहमद उर्फ गुलाम मुस्तफा और मो. गुलाब शबीर सगे भाई हैं. वहीं अन्य दो आरोपितों में मो. इरशाद का पुत्र मो. रिजवान और मो. जुबैर का पुत्र मो. जुनैद शामिल हैं। पुलिस ने बुंदेलखंड थाना कांड संख्या 8/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गौरतलब है कि नगर क्षेत्र में हाल के दिनों में बाइक चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही थी। ऐसे में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी की बाइक के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी को बुंदेलखंड पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट