नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शराब निर्माण और बिक्री के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई कर महुआ शराब निर्माण भट्ठियों को ध्वस्त कर अर्द्धनिर्मित महुआ शराब को नष्ट कर दिया। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने हरदिया पंचायत की जमुनदाहा व झराही के घने जंगलों में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जंगली इलाकों में छिपाकर संचालित किये जा रहे लगभग आधा दर्जन शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 10 हजार लीटर अर्धनिर्मित महुआ घोल को बरामद कर उसे स्थल पर ही बहाकर नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न उपकरणों और संसाधनों को भी नष्ट किया गया।
पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए थानाध्यक्ष के साथ एएसआइ अमित कुमार, एएसआइ सत्यदेव प्रसाद, एएसआइ पवन कुमार, एएसआइ के के झा और एएसआइ संजय यादव के साथ पुलिसबलों की एक विशेष टीम गठित की गयी थी। बता दें कि तीन दिन पहले फरका बुजुर्ग पंचायत की घने जंगली क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 हजार लीटर शराब को नष्ट करते हुए आधा दर्जन शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया था।
भईया जी की रिपोर्ट