नवादा : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में चोरी के शक में ग्रामीणों की मॉब लिंचिंग में हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मॉब लिचिंग में शामिल कई और आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बता दें कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर 10 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी अभिनव धीमान के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार, रवि रंजन कुमार, पंकज कुमार और भरत कुमार शामिल हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बता दें कि जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में चोरी के शक में भीड़ ने दो युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान विनोद प्रसाद के पुत्र मृत्युंजय कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक प्रवेश कुमार अवधेश प्रसाद का पुत्र है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों ने की पीट पीटकर हत्या
बुधवार की रात को ग्रामीणों ने दोनों युवकों को कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ा। इसके बाद भीड़ ने उन्हें बुरी तरह पीटा। गुरुवार को पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना के आलोक में मुफस्सिल थाना के एएसआई जितेंद्र कुमार के द्वारा बताया गया कि चोरी के मामले की जानकारी हम लोगों को प्राप्त हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा एक युवक का शव पड़ा है और दूसरा युवक गंभीर रुप से जख्मी है। जिसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भईया जी की रिपोर्ट