नवादा : जिले की अकबरपुर पुलिस ने होली के मद्देनजर अवैध शराब निर्माण व बिक्री के अड्डे पर प्रहार तेज कर दी है। इस क्रम में लक्ष्मणनगर व रसलपुर के जंगलों में शराब निर्माण व बिक्री के अड्डों पर छापामारी कर महुआ शराब बरामद कर शराब निर्माण के लिए फुलाये जा रहे करीब तीन हजार लीटर जावा महुआ घोल को विनष्ट कर दिया। इस बावत उत्पाद अधिनियम के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि अनि अलका कुमारी के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से लक्ष्मणनगर जंगल में छापामारी कर अल्युमिनियम के तसला में बिक्री के लिए रखे गये 110 लीटर महुआ शराब बरामद किया। कारोबारी फरार होने में सफल रहा। दूसरी ओर रसलपुर जंगल में छापामारी कर शराब निर्माण के लिए फुलाये जा रहे करीब 3000 लीटर जावा महुआ घोल को विनष्ट कर शराब निर्माण भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि शराब निर्माण व बिक्री केन्द्रों पर छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
भईया जी की रिपोर्ट