नवादा : इंटरमीडिएट विशेष (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 एवं इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंटल (सैद्धांतिक) परीक्षा 02.05.2026 से प्रारंभ होकर 11.05.2026 तक आयोजित होगी। वहीं माध्यमिक विशेष (सैद्धांतिक) परीक्षा एवं माध्यमिक कम्पार्टमेंटल (सैद्धांतिक) परीक्षा दिनांक 02.05.2026 से प्रारंभ होकर 07.05.2026 तक सम्पन्न होगी। सभी परीक्षाएं दोनों पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली 09:30 बजे पूर्वाह्न से 12:45 बजे अपराह्न तक तथा द्वितीय पाली 02:00 बजे अपराह्न से 05:15 बजे अपराह्न तक निर्धारित है।
परीक्षा को कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा चुकी है।इंटरमीडिएट परीक्षा हेतु एक परीक्षा केंद्र—कन्या मिडिल स्कूल, प्रसाद विगहा, नवादा—निर्धारित किया गया है। वहीं माध्यमिक परीक्षा हेतु दो परीक्षा केंद्र—नगर मध्य विद्यालय, पुरानी जेल रोड, नवादा एवं कन्हाई इंटर स्कूल, नवादा—निर्धारित किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सशस्त्र बल के साथ स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही गश्ती दल-सह-जोनल दंडाधिकारी तथा उड़नदस्ता-सह-सुपर जोनल दंडाधिकारी के रूप में भी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है।
परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। सभी परीक्षार्थियों को चप्पल पहनकर ही प्रवेश करना होगा तथा गेट पर सघन फ्रिस्किंग की जाएगी।साथ ही परीक्षाकक्ष में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच, मैग्नेटिक वॉच आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है तथा कदाचार की रोकथाम हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की सतत निगरानी हेतु समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06324-212261 है।
नियंत्रण कक्ष दिनांक 02.05.2026 से 11.05.2026 तक कार्यरत रहेगा। आपात स्थिति से निपटने हेतु नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन दस्ता, वज्र वाहन, अश्रु गैस दस्ता, चिकित्सा व्यवस्था, सशस्त्र बल एवं लाठी बल की भी व्यवस्था की गई है। विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी हेतु अनुमंडल दंडाधिकारी, नवादा सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवादा सदर को निर्देशित किया गया है। परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन के समग्र प्रभार में अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी, नवादा डॉ. अनिल कुमार तिवारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री निशु मल्लिक रहेंगे।
भईया जी की रिपोर्ट