नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय के निजी विद्यालयों के स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। आरटीओ संदीप कुमार के नेतृत्व में चलाये गये विशेष जांच अभियान के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 स्कूली वाहनों पर लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई से निजी स्कूल संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है। आरटीओ संदीप कुमार ने बताया कि सती स्थान मोहल्ला स्थित धनार्जय नदी पुल और बाईपास फ्लाईओवर के नीचे दर्जनों वाहनों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से जांच की गयी। अभियान के दौरान मुख्य रूप से वाहनों का फिटनेस, इंश्योरेंस, टैक्स और प्रदूषण प्रमाण पत्र देखा गया। जिन वाहनों के पास वैध कागजात नहीं मिले, उनके विरुद्ध तत्काल चालान काटा गया।
स्कूलों का औचक निरीक्षण, मिला अल्टीमेटम
परिवहन विभाग की टीम ने साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल, ज्ञान निकेतन और डीएवी समेत कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। जांच में कई वाहनों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर आरटीओ ने स्कूल प्रबंधन को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में कागजात और फिटनेस दुरुस्त नहीं किए गए, तो उन वाहनों को जब्त कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
आरटीओ ने स्कूल प्रबंधकों से अपील की है कि वे वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर और जीपीएस की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के भरोसे और बच्चों की जान के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा। प्रशासन का यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
भईया जी की रिपोर्ट