नवादा : नगर थाना क्षेत्र से दुपट्टा दुकान में काम करने वाली नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गयी। घटना के बाद से पीड़िता की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। नाबालिग की मां ने नगर थाना पहुंचकर अपनी पुत्री की सकुशल बरामदगी के लिए आवेदन दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपनी नाबालिग पुत्री के साथ किराये के मकान में रहती है। उसकी पुत्री स्थानीय बाजार में दुपट्टे की एक दुकान पर काम करती थी।
दुकान संचालक के अनुसार लड़की यह कहकर दुकान से निकली कि वह नाश्ता करके वापस आती है। लेकिन, वह लौटकर नहीं आयी। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, पर उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों की मानें, तो लापता लड़की की बातचीत नीतीश कुमार नामक एक युवक से होती थी। परिजनों ने इसी युवक पर संदेह जाहिर किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के जरिये लड़की का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है। थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि आवेदन के आलोक में कांड दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्ध युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया जायेगा। फिलहाल घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
भईया जी की रिपोर्ट