नवादा : मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और जिला भीषण गर्मी की चपेट में आ चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र द्वारा जारी हालिया बुलेटिन के अनुसार, आने वाले दिनों में जिलावासियों को चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 3 से 4 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिला उन क्षेत्रों में शामिल है जहां गर्मी का असर सबसे अधिक दिखने वाला है।
वर्तमान में दिन तो दिन अब नवादा समेत दक्षिण बिहार के जिलों में रातें भी धीरे-धीरे गर्म होने लगी हैं। सबसे चिंताजनक पूर्वानुमान 18 अप्रैल और 19 अप्रैल के लिए है। मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार ने बताया कि इन दो दिनों में नवादा सहित गया, औरंगाबाद, रोहतास और बक्सर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर जाएगा। यह तापमान सामान्य से लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की उम्मीद है, जिसका सीधा मतलब है कि जिले में लू जैसे हालात बन सकते हैं।
तेज हवाओं का दोहरा हमला गर्मी के साथ-साथ नवादा और आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी तेज हवाएं भी परेशानी का सबब बनेंगी। मौसम विभाग के अनुसार, बीते दो दिनों से ही ऐसा मौसम दिखने लगा है, जिसमें 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर चुकी हैं। आने वाले दिनों में हवा की यह रफ्तार झोंकों के साथ 44 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे दोपहर के समय घर से निकलना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
मौसम प्रणाली और शुष्क वातावरण
मौसम विशेषज्ञ रौशन कुमार ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, साथ ही एक ट्रफ रेखा भी गुजर रही है। हालांकि, बिहार का मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। नमी की कमी और सीधे पड़ने वाली सूर्य की किरणें धरातल को तेजी से गर्म कर रही हैं। 18 अप्रैल की रात से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन नवादा में इससे फिलहाल कोई बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
सतर्कता की दी गयी है खास हिदायत
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों समेत मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। हिदायत देते हुए कहा गया है कि दोपहर के 12 से शाम के 4 बजे के बीच जब धूप सबसे तीखी होती है, बाहर निकलने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, ओआरएस, नींबू पानी और मौसमी फलों का सेवन करें। तेज हवा और गर्मी को देखते हुए किसान फसलों की सिंचाई के समय का उचित चयन करें। हालांकि, नवादा में फिलहाल मौसम विभाग ने ग्रीन अलर्ट अर्थात कोई चेतावनी नहीं जारी किया है, लेकिन तापमान के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए यह राहत टिकने वाली नहीं है। अगले सप्ताह तक जिला पूरी तरह हीट मोड में होगा।
भईया जी की रिपोर्ट