नवादा : जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के ननौरी गांव में आपसी विवाद के बाद हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान दोनों के घरों से एक-एक अवैध हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने हथियारों की बरामदगी के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कहासुनी के बाद गोलीबारी का आरोप
मामला ननौरी गांव का है। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के मंडाच्छ निवासी बीरेंद्र कुमार अपने ननिहाल आये हुए थे। इसी दौरान ननिहाल के पड़ोस में रहने वाले जितेंद्र कुमार से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद जितेंद्र कुमार अपने सहयोगी मनोज यादव के साथ मौके पर पहुंचा और गोलीबारी की। घटना के बाद बीरेंद्र कुमार ने नेमदारगंज थाना में आवेदन देकर पुलिस से शिकायत की।
घटनास्थल से जिंदा कारतूस और पैलेट्स मिले
शिकायत मिलने के बाद नेमदारगंज पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले का सत्यापन किया। इस दौरान पुलिस को घटनास्थल से जिंदा कारतूस और गोली के अग्र भाग यानी पैलेट्स मिले। इसके बाद बीरेंद्र कुमार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की ।
दोनों आरोपितों के घर से हथियार बरामद
पुलिस की छापेमारी के दौरान मनोज यादव के घर से एक देसी बंदूकनुमा थरनेट बरामद किया गया। जितेंद्र कुमार के घर से एक कट्टा मिला। पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया। हथियारों की बरामदगी के बाद दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट