नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की दबकर मौत हो गयी। घटना दरावां पंचायत अंतर्गत बरौन-भुआलटांड़ मुख्य पथ की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कदहर गांव निवासी बिजली राम के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में की गयी है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है। राहुल कुमार पेशे से ट्रैक्टर चालक था और प्रतिदिन बालू ढुलाई का काम करता था। सुबह ट्रैक्टर से बालू अनलोड कर वापस अपने गांव की ओर लौट रहा था।
इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन अचानक बिगड़ गया। इससे पहले चालक कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर इंजन व डाला सहित सड़क किनारे करीब आठ फीट नीचे खेत में जाकर पलट गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि राहुल ट्रैक्टर के भारी पहिये के नीचे दब गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक राहुल की मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों और स्वजनों की भीड़ जमा हो गयी।
सूचना पाकर कौआकोल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर को हटवाया और शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जवान बेटे को खोने के बाद माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की विस्तृत जांच में जुट गयी है। स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।