पटना/पटना सिटी: तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के दरबार में राज्यपाल सह सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैय्यद अता हसनैन ने गुरुघर पहुंचकर दशमेश दरबार में मत्था टेका और संगतों को वैशाखी पर्व तथा खालसा पंथ की स्थापना की बधाई दी। राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन ने दरबार साहिब में गुरु महाराज और माता कौर साहिब के पवित्र जोड़ा के दर्शन किए तथा गुरबाणी का श्रवण किया। इस अवसर पर जत्थेदार ज्ञानी बलदेव सिंह ने उन्हें गुरुघर का आशीर्वाद स्वरूप सिरोपा भेंट किया।
वहीं, प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही, महासचिव इंद्रजीत सिंह एवं कनिष्ठ उपाध्यक्ष गुरुविंदर सिंह ने राज्यपाल को कृपाण और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान राज्यपाल को तख्त साहिब के गौरवशाली इतिहास से भी अवगत कराया गया। इसी क्रम में कंगन घाट स्थित गंगा सेवा दल समन्वय समिति के तीन सदस्यीय शिष्टमंडल ने भी राज्यपाल से मुलाकात की। समिति के अध्यक्ष डॉ. राजीव गंगौल, महासचिव पंडित राजेश शुक्ला ‘टिल्लू’ और पप्पू पटेल ने उन्हें चुनरी, गंगाजल एवं प्रसाद भेंट किया। महासचिव ने राज्यपाल को गंगा दशहरा महोत्सव में शामिल होने का आग्रह भी किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट