नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नहर के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से नालंदा जिले के व्यवसायी की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र के डाक बंगला इंग्लिश गांव निवासी राजकुमार साव के 45 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि राकेश कुमार गिरियक में पोल्ट्री फार्म की दुकान चलाते थे। बाइक से किसी काम के सिलसिले में नवादा आ रहे थे। इसी दौरान नहर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश कुमार की घटनास्थल पर मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मुफस्सिल थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट
