अरवल – इंटवा स्कूल का निरीक्षण भाकपा माले के पूर्व विधायक महानंद सिंह, राज्य कमेटी सदस्य लीला वर्मा, जिला कमेटी सदस्य चंद्रप्रभा देवी, छात्र संगठन आइसा के जिला संयोजक नीतीश कुमार, आइसा नेता सुमित प्रकाश,प्रखंड कमेटी सदस्य धनंजय सिंह एवं सिद्धनाथ यादव ने किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गोपाल बिगहा उत्क्रमित विद्यालय का एक भी छात्र-छात्रा इंटवा स्कूल में उपस्थित नहीं थे। गोपाल बिगहा उत्क्रमित विद्यालय को करीब 5–6 किलोमीटर दूर इंटवा स्कूल में टैग कर दिया गया है। रास्ते की समस्या का हवाला देकर विद्यालय को इंटवा स्कूल से टैग किया गया है, जिसके कारण गोपाल बिगहा के छात्र-छात्राओं को इतनी दूर जाकर पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि गोपाल बिगहा स्कूल तक रास्ता बनाने के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध है। इसके बावजूद विद्यालय को इतनी दूर टैग किया जाना बच्चों के हित में उचित नहीं है। इंटवा स्कूल के शिक्षकों ने भी बताया कि इस व्यवस्था के कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाकपा माले नेताओं ने मांग की कि गोपाल बिगहा उत्क्रमित विद्यालय की टैगिंग तत्काल रद्द कर विद्यालय को पूर्व में जहां स्कूल संचालित होता था, वहीं पुनः चालू किया जाए।
साथ ही, विद्यालय तक पहुंचने के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध होने के बावजूद रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। पूर्व विधायक महानंद सिंह ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर गोपाल बिगहा विद्यालय की टैगिंग रद्द कर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो डीएम के समक्ष बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट