नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन में अरविन्द कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सहयोग से व्यवहार न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया एवं पक्षकारों के वादों का सुलह के आधार पर निष्पादन किया गया।
मौके पर विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार आशुतोष कुमार झा, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय गिरधारी उपाध्याय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश धनंजय कुमार सिंह, अन्य अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण, सचिव, जिला विधिक सेवा अरविन्द कुमार तथा न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी एवं द्वितीय श्रेणी, पैनल अधिवक्ता, पारा विधिक स्वयंसेवक एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के समस्त कर्मचारीगण की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि इस विशेष लोक अदालत से कोई भी पक्षकार निराश होकर नहीं लौटा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
सचिव महोदय ने बताया कि विशेष लोक अदालत के माध्यम से धारा 138 के तहत एन.आई. एक्ट वादों का निष्पादन किया गया। लोक अदालत में उभय पक्षों की जीत होती है। सुलह योग्य धारा 138 के तहत एन.आई. एक्ट के कुल 03 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। समझौता राशि ₹5,75,000/- पर सहमति बनी, जबकि ₹1,60,000/- की राशि की वसूली सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर संबंधित पक्षकारों को आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए प्रेरित किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट