– 2 गिरफ्तार, सोना-चांदी और नकदी बरामद
नवादा : जिले के धमौल थाना क्षेत्र अंतर्गत जमहरिया गांव में हुए चोरी कांड का नवादा पुलिस ने 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस के सहारे पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोच लिया और उनके पास से सोने-चांदी के जेवर के साथ नकदी भी बरामद कर ली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को जमहरिया गांव में एक घर से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली थी।
पीड़ित की शिकायत पर धमौल थाना में कांड संख्या 78/26, दिनांक 12.07.2026 दर्ज कर धारा 305(ए)/3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने 13 जुलाई को तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। थाना में कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस प्रकार हुई है:-
– अरसद उर्फ छोटू, पिता मो. नसरुद्दीन, निवासी मलिकपुर, थाना बैरपुर, कोलकाता
– गोलू कुमार, पिता स्व. सुनील शाह, निवासी छोटी दौलतपुर, थाना गोंदापुर, नवादा
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी की सोने की चेन शहर के जेवरात महल के एक कर्मी को बेच दी गई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चेन बरामद कर ली। इसके अलावा विष्णु ज्वैलर्स से एक चांदी की सिकड़ी, दो जोड़ी चांदी के कंगन और चोरी की रकम में से 2,135 रुपये भी बरामद किए गए।बरामदगी के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। चोरी की घटना में इतनी जल्दी कार्रवाई और सामान की बरामदगी को पुलिस ने अपनी बड़ी उपलब्धि बताया है।
भईया जी की रिपोर्ट