नवादा : चार माह से कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को वेतन नहीं मिलने पर जिले के टीएस कॉलेज हिसुआ शिक्षक संघ के अधिकारियों ने आक्रोश प्रकट किया है। उन्होंने जल्द से जल्द वेतन और पेंशन की भुगतान की मांग की है। संघ सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि उपयोगिता प्रमाणपत्र की अनुपलब्धता को आधार बनाकर शिक्षकों, कर्मचारियों व पेंशनभोगियों का वेतन-पेंशन रोकना पूरी तरह अनुचित, अन्यायपूर्ण एवं अमानवीय है।
उपयोगिता प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपयोगिता प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है, तो इसके लिए दोषी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।संबंधित कुलपति, कुलसचिव, वित्त पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी जवाबदेह हैं। मंत्री और सरकार को दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए न कि हजारों शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशन भोगियों को आर्थिक संकट में धकेलना चाहिए।
भुगतान नही होने से हो रही परेशानी
जानकारी मिली है कि वेतन-पेंशन भुगतान से संबंधित संचिका वित्त विभाग द्वारा पुनः शिक्षा विभाग को लौटा दी गयी है, जिससे लाखों आश्रित परिवारों की चिंता बढ़ गयी है। लगातार चार माह से वेतन-पेंशन कर्मचारियों एवं पेशनभोगियों के भुगतान नहीं होने के कारण शिक्षकों, समक्ष जीवन-यापन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा, बैंक ऋण की किस्तें व अन्य रोजमर्रा खर्च प्रभावित हो रहे हैं। संघ के सचिव प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री, वित्त व उच्च शिक्षा विभाग से तत्काल इस्तक्षेप कर लंबित वेतन एवं पेशन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट