नवादा : जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा नवादा में आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है। इस केंद्र के माध्यम से जिले के बच्चों एवं युवाओं को भारतीय शास्त्रीय कला की विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र शहर के प्रसाद विगहा, जेल रोड, दुर्गा मंदिर के निकट अवस्थित है। केंद्र में शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय नृत्य (कथक एवं भरतनाट्यम) तथा वाद्ययंत्र (हारमोनियम एवं तबला/ढोलक) का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाएगा।
पहल का मुख्य उद्देश्य जिले की उभरती हुई प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना तथा भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति युवाओं में रुचि विकसित करना है। नामांकन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। प्रत्येक विधा में अधिकतम 40 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु न्यूनतम आयु 06 वर्ष निर्धारित की गई है।
नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को जन्म तिथि प्रमाण-पत्र अथवा आधार कार्ड की छायाप्रति तथा तीन पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ जमा करना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा तथा इसके लिए किसी प्रकार का मासिक शुल्क देय नहीं होगा। प्रशिक्षण केंद्र सप्ताह में मंगलवार से रविवार तक संचालित होगा। विद्यार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। नृत्य प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को घुंघरू एवं आवश्यक परिधान स्वयं उपलब्ध कराने होंगे।
भईया जी की रिपोर्ट