नवादा : अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर की अध्यक्षता में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी शांति समिति सदस्यों द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बकरीद पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवादा सदर द्वारा बताया गया कि बकरीद पर्व के अवसर पर सभी संवेदनशील स्थलों, मंदिरों एवं मस्जिदों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
अंत में सभी उपस्थित शांति समिति सदस्यों को आगामी बकरीद पर्व की हार्दिक बधाई दी गई तथा आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। बैठक में कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल नवादा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा,सहायक अभियंता भवन प्रमंडल नवादा, प्रखंड विकास पदाधिकारी नवादा सदर, अंचल अधिकारी नवादा सदर, थाना अध्यक्ष नगर थाना नवादा, थाना अध्यक्ष बुंदेलखंड थाना नवादा सहित सभी शांति समिति सदस्य उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट