नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर मोड़ से कुलना गांव तक जाने वाली 5.40 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य शिलान्यास के नौ महीने बाद भी धरातल पर शुरू नहीं हो सका है। राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 20 के गोपालपुर मोड़ पर शिलान्यास का बोर्ड तो लगा दिया गया, लेकिन अब तक विकास कार्य आरंभ नहीं किया जा रहा है।
पथ निर्माण विभाग, नवादा के अंतर्गत इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य को वर्ष 2025-26 की योजना में शामिल किया गया था। जानकारी के अनुसार सड़क का शिलान्यास 24 सितंबर 2025 को तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन द्वारा किया गया था लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि महीनों बीत जाने के बाद भी मौके पर एक ईंट तक नहीं रखी गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक द्वारा केवल शिलान्यास बोर्ड लगाया गया, जबकि सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे पूरी सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है। स्थानीय निवासी सोनू कुमार भारती और विजय कुमार ने आरोप लगाया कि योजना केवल कागजों तक सीमित है। ग्रामीणों ने इसे “सड़क घोटाले का नमूना” बताते हुए कहा कि पुरानी सड़क को उखाड़ कर छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
जल्द शुरू हो निर्माण नहीं तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। आरोप है कि विभागीय लापरवाही और संवेदक की मनमानी के कारण योजना प्रभावित हुई है। मशीनरी और मजदूरों की अनुपस्थिति से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखा जा रहा है।
इस बावत पथ निर्माण विभाग, नवादा के अधिकारी विकास चंद ने कहा कि “पुरानी सड़क को कबाड़ दिया गया है और अब चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। निर्धारित समय पर काम पूरा कर लिया जाएगा। इस बयान से विभाग ने निर्माण कार्य में देरी को स्वीकार करते हुए इसे चल रही प्रक्रिया बताया और तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
भईया जी की रिपोर्ट