नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय बाजार में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अस्पताल रोड स्थित सैनिक कैंटीन में खरीदारी करने पहुंचे सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर का बैग लेकर दो चोर फरार हो गया । घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
ग्राहक बनकर पहुंचा चोर
जानकारी के अनुसार धुरगांव निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर नरेश यादव घरेलू सामान खरीदने सैनिक कैंटीन पहुंचे थे। उसी दौरान एक अज्ञात युवक कैंटीन में पहुंचा। कैंटीन मैनेजर सुमन कुमार ने उससे पूछताछ की तो उसने कहा कि उसकी मां पीछे से आ रही है। इसके बाद मैनेजर अन्य ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त हो गया।
मौका मिलते ही बैग लेकर भागा चोर
इसी बीच चोर काउंटर के पास रखा बैग उठाया और तेजी से नीचे उतर गया। नीचे पहले से उसका साथी बाइक स्टार्ट कर तैयार खड़ा था। दोनों चोर कुछ ही सेकंड में बाइक से फरार हो गया । वारदात कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
बैग में था मोबाइल, एटीएम और जरूरी कागजात
पीड़ित नरेश यादव ने बताया कि चोरी गए बैग में पांच हजार रुपए नगद, सब्जी, गैस पासबुक, तीन एटीएम कार्ड और एक स्मार्टफोन था। इसके पूर्व एसबीआई और पीएनबी एटीएम से निकाले गए 50 हजार रुपए अलग पैकेट में रख लिए थे, जिससे बड़ी रकम चोरी होने से बच गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित ने थाना में आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट