नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के सोहदा गांव में सूद के पैसे को लेकर उपजे विवाद में सूदखोरों ने ग्रामीणों का रास्ता अवरुद्ध कर दिया है। विवाद बीते एक सप्ताह से चल रहा है और गांव में दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल है। हालांकि पुलिस एवं प्रशासन ने तनाव को दूर करने का प्रयास किया,किंतु प्रशासन के गांव से जाने के बाद वे लोग पुनः पिलर और बांस की मदद से रास्ता अवरुद्ध कर दे रहे हैं।
बेटी की शादी में लिया था कर्ज
पीड़िता सोहदा निवासी सरजू मिस्त्री की पत्नी सुशीला देवी ने बताया कि वे अपनी बेटी की शादी के वक्त पांच वर्ष पूर्व सोहदा गांव के ही अरविंद यादव से 20 हजार रुपए सूद पर कर्ज लिया था।कर्ज का पैसा धीरे-धीरे लगभग 60 हजार दे दिया गया बावजूद अरविंद यादव द्वारा 80 हजार रुपए की मांग की जाने लगी,जिसे देने में असमर्थता जाहिर करने पर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया।
ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार
सोहदा गांव के बाबूलाल मिस्त्री के पुत्र संतोष मिस्त्री,लालो मिस्त्री,जानकी मिस्त्री व चंचला देवी ने बताया कि गांव के ही अरविंद यादव,सुदामा यादव एवं आदित्य यादव के द्वारा पीडब्लूडी की सरकारी जमीन में पिलर और बांस गाड़कर जबरन रास्ता अवरुद्ध कर दिया है। अवरुद्ध किया गया रास्ता कई दशकों से ग्रामीणों के लिए सार्वजनिक रास्ता है। उक्त लोगों को मना करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा एवं टांगी व खंती से मारपीट की धमकी देते हैं। साथ ही केस मुकदमा करने पर महिला-पुरुष समेत बच्चों को जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित ग्रामीणों ने थाना को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद घटनास्थल पर पहुंच,अवरुद्ध रास्ते को हटाने का निर्देश दिया गया था,किंतु पुनः रास्ता अवरुद्ध करने की सूचना मिली है। उन्होंने अग्रेतर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पुराने रंजिश को लेकर रास्ता अवरुद्ध करने का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है।
भईया जी की तबीयत