– पंचायत कार्यों में आएगी तेजी, विकास योजनाओं को मिलेगी नई दिशा
नवादा : जिले के सर्वाधिक पिछड़े मेसकौर प्रखंड को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार स्थायी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) मिल गया। प्रखंड मुख्यालय स्थित बीपीआरओ कार्यालय में नव नियुक्त अधिकारी विकास कुमार ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार ग्रहण करने से पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई वर्षों से मेसकौर प्रखंड में स्थायी बीपीआरओ की नियुक्ति नहीं होने के कारण पंचायत संबंधी कार्य अतिरिक्त प्रभार के सहारे संचालित हो रहा था। इससे विकास योजनाओं के निष्पादन में देरी के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों पर भी असर पड़ रहा था। इससे पहले सिरदला प्रखंड के बीपीआरओ पुरुषोत्तम कुमार अतिरिक्त प्रभार में मेसकौर का कार्यभार संभाल रहे थे। बताया जाता है कि नव नियुक्त बीपीआरओ विकास कुमार इससे पूर्व औरंगाबाद जिले के बारुण प्रखंड में पदस्थापित थे। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मियों तथा प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और लंबित योजनाओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा साथ ही कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाकर ग्रामीण विकास को गति देने की अपील की। स्थायी बीपीआरओ की नियुक्ति से अब पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद प्रखंड को स्थायी अधिकारी मिलने से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई खुशी
पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि स्थायी बीपीआरओ की नियुक्ति से पंचायतों में विकास कार्यों की निगरानी बेहतर होगी। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को बल मिलेगा।
भईया जी की तबीयत