नवादा : जिले के नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर मोहल्ला के 17 वर्षीय प्रिंस कुमार का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि प्रिंस 13 मई से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने 14 मई को नगर थाना में आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।
घोसतवाँ गांव के पास पत्थरों से दबा मिला शव
शुक्रवार यानी 22 मई को प्रिंस का शव कादरीगंज थाना क्षेत्र के घोसतवाँ गांव के पास पत्थरों से दबा बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान मिर्जापुर निवासी संजीत यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बेटे का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने सदर अस्पताल पहुंचकर अस्पताल रोड को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
घटना पर परिजनों की नाराजगी
परिजनों का आरोप है कि समय रहते पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करती तो प्रिंस की जान बच सकती थी। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास करती रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या की आशंका को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन आरंभ की है।
भईया जी की रिपोर्ट